भिलाई हाउसिंग बोर्ड में सजी ‘स्वरांजलि’ की संगीतमयी महफिल, फिल्मी गीतों और भजनों ने बांधा समां

Editor
By Editor 3 Min Read

सुरसाधना म्यूजिकल ग्रुप के आयोजन में देशभक्ति, रोमांटिक और सदाबहार गीतों की प्रस्तुति; कलाकारों और अतिथियों का हुआ सम्मान

भिलाई, हाउसिंग बोर्ड, वार्ड-24 स्थित गणेश मंच में शनिवार 16 मई की रात सुरसाधना म्यूजिकल ग्रुप के सौजन्य से संगीतमय कार्यक्रम “स्वरांजलि” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फिल्मी भजन, देशभक्ति गीतों और सदाबहार रूमानी नग्मों की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे और कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान भोलेनाथ को समर्पित भजन “हे भोले शंकर पधारों” से हुआ, जिसकी प्रस्तुति कांजी भाई परपानी ने दी। इसके बाद देशभक्ति गीत “आपस में प्रेम करो मेरे देश प्रेमियों” प्रस्तुत कर प्रशांत श्रीवास्तव ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। डॉ. शशि भूषण साहू ने “नाम गुम जाएगा” गीत से पुरानी यादों को ताजा किया, वहीं रवि भटनागर ने “चलने लगी है हवाएं” गीत गाकर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।

राजेंद्र महाराणा ने “आशाओं के सावन में” गीत प्रस्तुत किया, जबकि नरेंद्र साहू ने “हम तेरे बिन कहीं रह नहीं पाते” गीत से कार्यक्रम में रोमांटिक रंग घोला। रतिन्द्र मोहन घोष ने “नींद ना मुझको आए” और प्रदीप श्रीवास्तव ने “मैं शायर तो नहीं” जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर संगीत प्रेमियों का दिल जीत लिया। युगल गीतों में पाली घोष और उषा भारती की सहभागिता विशेष आकर्षण रही।

इसके अलावा विजय निषाद, सुभाष प्रधान, अजय गुप्ता और अजय मालवीय सहित अन्य कलाकारों ने भी अपने मधुर गीतों से समां बांध दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड-23 गुरु घासीदास नगर की पार्षद  उषा शर्मा और समाजसेवी डॉ. विनय शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बी.एस. राठौर, रेनू श्रीवास्तव, अवधेश पांडेय और सपना पांडेय का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक प्रशांत श्रीवास्तव और नरेंद्र साहू थे। मंच संचालन प्रशांत श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथियों द्वारा सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं ग्रुप के वरिष्ठ कलाकारों ने भी मुख्य अतिथियों को मोमेंटो भेंट कर उनका सम्मान किया।

Share This Article