दुर्ग, कुम्हारी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 04 स्थित खपरी रोड में मंगलवार को हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे तथा आग पर काबू पाने और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खपरी रोड स्थित एक मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के भीतर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान मकान के अंदर से चार लोगों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान होमदास वैष्णव (40 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (18 वर्ष), चांदनी (17 वर्ष) और गोपिका (2 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा वैधानिक कार्रवाई जारी है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।


