सांसद विजय बघेल, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा और कलेक्टर अभिजीत सिंह की मौजूदगी में नागरिकों ने पेंशन, पानी, सफाई और तालाब की समस्याएं रखीं
भिलाई, चरौदा/देवबलोदा, सोमवार 11 मई 2026 को देवबलोदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” एवं आस्था के 1000 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर भगवान शिव की पूजा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। धार्मिक आयोजन के साथ ही स्थानीय वार्डवासियों ने क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को जिला महामंत्री राम सूर्यवंशी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रखा।

नागरिकों ने बताया कि कई हितग्राहियों को पिछले 6 महीनों से पेंशन राशि नहीं मिल रही है। इसके अलावा क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई नहीं होने, पेयजल संकट, बोर-बोरिंग निर्माण नहीं होने तथा कारसा तालाब की सफाई नहीं होने जैसी समस्याओं से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
कार्यक्रम में भिलाई चरौदा महापौर निर्मल कोसरे, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू एवं दिलीप पटेल, दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस के जिला महामंत्री राम सूर्यवंशी, पार्षद भारती राम सूर्यवंशी, असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राहुल वर्मा, मंडल अध्यक्ष गौरी शंकर, प्रेम मिश्रा, डिकेश पटेल, ऋषभ तिवारी, सनत कटाक्वार, मनोज ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।


