कुम्हारी पुलिस की कार्रवाई, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ आरोपी दबोचा गया
भिलाई, कुम्हारी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक अधेड़ व्यक्ति को अवैध देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और दो लाख रुपए नगदी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अविनाश आष्टिकर (53 वर्ष) निवासी एमडीडी 102 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कबीर नगर रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 5 मई को सूचना मिली थी कि खारुन नदी स्थित रेलवे पुल के नीचे एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक बोरी में अवैध हथियार और नगदी लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस ने टीम गठित कर स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो लाख रुपए नगद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
आरोपी द्वारा हथियार और नगदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने सभी सामग्री जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


