सेक्टर-4 बीएसपी सोसाइटी डेढ़ करोड़ के लाभ में, संतोष व्यक्त किया सदस्यों ने

Editor
By Editor 5 Min Read

बीएसपी एम्पलाइज कोऑपरेटिव एंड वेलफेयर सोसाइटी की वार्षिक आमसभा में कार्यकारिणी के कामकाज को सराहा कर्मियों ने

भिलाई,  बीएसपी एम्पलाइज को-आपरेटिव एंड वेलफेयर सोसाइटी लिमिटेड सेक्टर-4 ने वित्तीय वर्ष अप्रैल 2025-26 में शानदार परिणाम देते हुए 1 करोड़ 48 लाख, 20 हजार 97 रूपए का शुद्ध लाभ अर्जित किया है।
सेक्टर-4 इस्पात क्लब में रविवार की सुबह 10 बजे से शुरू हुई सोसाइटी की सालाना आमसभा में अध्यक्ष पूरन देवांगन ने स्वागत भाषण दिया। दिन भर चली आमसभा के दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई और अध्यक्ष व संचालक मंडल ने साल भर की गतिविधियों का ब्यौरा दिया।

इस दौरान आमसभा में बैलेंस शीट (2025-26) की स्वीकृति, बजट (2026-27) को मंजूरी और वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंकेक्षण की नियुक्ति को अनुमति देने सहित अन्य गतिविधियां संचालित की गई।
शुरुआत में अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए अध्यक्ष पूरन देवांगन ने बताया कि वित्तीय पत्रकों एवं संस्था की प्रगति के आधार पर विगत वर्षों से संस्था को ‘अ’ वर्ग का दर्जा है, जो कि सोसाइटी के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने सभा के समक्ष बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में संस्था द्वारा कुल 14 करोड़, 98 लाख, 85 हजार रुपये का ऋण वितरित किया गया। इस अवधि में 52 करोड़, 89 लाख, 95 हजार 872 रूपए का लेनदेन किया गया।
संस्था को वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1 करोड़ 48 लाख, 20 हजार 97 रूपए का लाभ हुआ। इस अवधि में 125 सदस्यों को 16 लाख 18 हजार 776 रुपये का दुर्घटना बीमा हित लाभ प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान बीएसपी से सेवानिवृत्त हुए कुल 333 सदस्यों को 3 करोड़, 07 लाख, 05 हजार 785 रुपये की राशि अंतिम भुगतान किया गया। इसी तरह परिवार कल्याण मद के अंतर्गत 317 मामलों में 9 करोड़, 39 लाख छह हजार रूपए का भुगतान किया गया है।
वर्तमान में 31 मार्च 2026 के अनुसार 3 हजार 741 सदस्यों वाली इस सोसाइटी की आमसभा में अध्यक्ष पूरन देवांगन ने बताया कि पिछली आमसभा में सोसाइटी को बेहतर ढंग से संचालित करने सदस्यों व पदाधिकारियों के सुझावों पर अमल करते हुए कई फैसले नई कार्यकारिणी ने लिए हैं। जिन्हें लागू कर दिया गया है।

इनमें सोसाइटी का कार्यालयीन समय दोपहर 1 बजे से शाम 6:30 बजे तक होने से तीनों शिफ्ट के बीएसपी कर्मियों को अपना नियमित कामकाज करवाने में आसानी हुई है। एक जनवरी 2022 से आकस्मिक ऋण की सीमा एक लाख से बढ़ा कर दो लाख और नियमित ऋण की सीमा 3 लाख से बढ़ा कर 5 लाख रूपये कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कल्याण (वेलफेयर) मद की राशि 22 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार कर दी गई है। वहीं आपात स्थिति के लिए 50 हजार रूपये का विशेष नया प्रावधान किया गया है।  वहीं पास बुक की इंट्री अब प्रिंटिंग मशीन के द्वारा की जा रही है।
श्री देवांगन ने उपस्थित सदस्यों को बताया कि ऋण वसूली सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। जिनमें 2 अग्रिम चेक तथा लंबे समय से ऋण की किश्त जमा नहीं करने वाले डिफाल्टर सदस्यों और उनके जमानतदारों को पत्र भेजना शुरू किया गया है, जिसके आशाजनक परिणाम निकले हैं। उन्होंने बताया कि संस्था को कंप्यूटरीकृत करवाने विवरण एकत्र कर प्रविष्टि का कार्य जारी है। इसके साथ ही प्रति माह रिटायर होने वाले सदस्यों को अगले माह की 15 तारीख को अंतिम भुगतान के साथ सम्मानित करने और सोसाइटी की गतिविधियों के लिए एसएमएस सेवा के माध्यम से जानकारी देने की पहल भी उल्लेखनीय पहल साबित हुई है।

इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने कई सुझाव दिए। ज्यादातर सदस्यों ने सोसाइटी से अपने भावनात्मक लगाव का उल्लेख करते हुए अनुरोध कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनकी सदस्यता बरकरार रखी जाए। सभा में सदस्यों के बीच कन्वीनियंस अलाउंस का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष अशोक राठौर, असमां परवीन, संचालक मंडल सदस्यगण विपिन बन्छोर, जानकी राव, शशि भूषण सिंह ठाकुर, पी एस कंवर और नितिशा साहू तथा सोसायटी के कर्मियों में  मैनेजर सुदीप बनर्जी, पिजुष कर, नारायण साहू, सुरेश कुमार सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे। मंच संचालन संचालक वेद प्रकाश सूर्यवंशी और आभार प्रदर्शन संचालक सतानंद चंद्राकर ने किया।

Share This Article