भिलाई, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने भिलाई जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की जिला व मंडल स्तर की हाल ही में घोषित नियुक्तियों को स्थगित करने की जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि जारी सूची में कुछ गंभीर तकनीकी विसंगतियां सामने आई थीं, जिन्हें संगठन के संज्ञान में लाया गया। पार्टी की रीति-नीति, पारदर्शिता और संगठनात्मक मापदंडों को बनाए रखने के उद्देश्य से वर्तमान सूची को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि पूर्व में जारी सूची में पाई गई त्रुटियों को सुधारना आवश्यक है, ताकि संगठन की कार्यप्रणाली निष्पक्ष और मजबूत बनी रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि सभी पहलुओं पर पुनः विचार कर एक नई, संतुलित और त्रुटिहीन सूची शीघ्र जारी की जाएगी।
इस निर्णय को संगठनात्मक पारदर्शिता और कार्यकर्ताओं के विश्वास को बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह जानकारी गोपाल बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता (मीडिया पैनलिस्ट), भाजपा छत्तीसगढ़ द्वारा दी गई।


