350 नियमित कर्मचारियों में नाराजगी, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिंह के नेतृत्व में भाजपा का धरना; 48 घंटे में भुगतान की मांग
भिलाई, भिलाई नगर निगम एक ओर जहां पिछले एक वर्ष में 104 करोड़ रुपये टैक्स वसूली का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर अपने ही नियमित कर्मचारियों को समय पर वेतन देने में विफल नजर आ रहा है। निगम के करीब 350 नियमित कर्मचारियों को हर महीने लगभग 3 करोड़ रुपये वेतन का भुगतान किया जाता है, लेकिन अप्रैल माह की 15 तारीख बीत जाने के बाद भी उन्हें मार्च का वेतन नहीं मिल पाया है।
वेतन में देरी से कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है। कर्मचारियों का कहना है कि सामान्यतः हर महीने 1 से 3 तारीख के बीच वेतन मिल जाता है, लेकिन इस बार हो रही देरी ने उनकी आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर दिया है। दैनिक जरूरतों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच वेतन न मिलने से कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस मुद्दे को लेकर नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिंह के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों के लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान करने की मांग की।
धरना के दौरान भोजराज सिंह ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन वेतन भुगतान के मामले में लापरवाही बरत रहा है। उन्होंने बताया कि कमिश्नर को 48 घंटे के भीतर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 13 अप्रैल को एक अर्बन एजेंसी को 8 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया, जबकि कर्मचारियों का वेतन रोका गया है, जो प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करता है।
भाजपा पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, कर्मचारी भी अब जल्द समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं।


