सेक्टर-7 में पीलिया का प्रकोप बढ़ा, 9 नए मरीज मिलने से संख्या 24 पहुंची

Editor
By Editor 3 Min Read

104 घरों में सर्वे, कैंप लगाकर जांच तेज; पुरानी पाइपलाइन को माना जा रहा संक्रमण का कारण

भिलाई, भिलाई नगर के वार्ड-67, सेक्टर-7 पश्चिम (सड़क 37ए) क्षेत्र में पीलिया का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में 9 नए मरीजों की पुष्टि होने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है, जिससे इलाके में हड़कंप की स्थिति है।

रविवार सुबह सांसद विजय बघेल ने क्षेत्र का दौरा कर वास्तिविक स्थिति का जायजा लिया और नागरिकों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी गाइड लाइन का पालन करने की अपील की।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में डोर-टू-डोर सर्वे करते हुए 104 घरों तक पहुंच बनाई और संदिग्ध लोगों के ब्लड सैंपल लिए। साथ ही मौके पर कैंप लगाकर मरीजों की जांच की गई और पूर्व में लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट भी वितरित की गई। नए मिले मरीजों में से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुल 9 मरीजों का इलाज अस्पताल में जारी है।

इधर, टाउनशिप क्षेत्र में पीलिया फैलने के पीछे जल आपूर्ति की पुरानी व्यवस्था को प्रमुख कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां 40 से 50 साल पुरानी पाइपलाइन के जरिए पानी की सप्लाई हो रही थी, जिसकी कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन समय पर सुधार नहीं हो पाया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीएसपी और एचएससीएल प्रबंधन ने पाइपलाइन बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत सड़कों की खुदाई कर पुरानी पाइपलाइन को हटाया जाएगा और नई पाइपलाइन बिछाकर घरों तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीलिया दूषित पानी और संक्रमित भोजन से फैलने वाली बीमारी है, जिसके लक्षण 15 से 50 दिनों के भीतर सामने आते हैं।

डॉक्टरों ने नागरिकों से साफ और उबला हुआ पानी पीने तथा स्वच्छ भोजन करने की अपील की है। पीलिया के प्रमुख लक्षणों में भूख कम लगना, पेशाब का पीला होना, उल्टी, सिरदर्द, कमजोरी, पेट दर्द और आंखों व त्वचा का पीला पड़ना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने की सलाह दी गई है।

Share This Article