भिलाई स्टील प्लांट कैंटीन के कुक ने की आत्महत्या, पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव

Editor
By Editor 3 Min Read

पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला था युवक, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा शव

भिलाई,  स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई स्टील प्लांट में कार्यरत एक कुक ने आत्महत्या कर ली। कोक ओवन कैंटीन में काम करने वाले 29 वर्षीय अजय प्रजापति का शव रविवार सुबह पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, अजय प्रजापति ने पत्नी के दुपट्टे को फंदा बनाकर सेक्टर-4, सड़क नंबर 36 स्थित अपने आवास के पीछे पेड़ पर लटककर जान दे दी। आत्महत्या कब हुई, इसका किसी को पता नहीं चल सका। रविवार भोर में मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर पेड़ से झूलते शव पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल सुपेला की मरच्यूरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि अजय प्रजापति पिछले कुछ महीनों से कोक ओवन कैंटीन के ठेकेदार ज्ञानवेंद्र सिंह उर्फ मोनू के अधीन कार्यरत था। उसका परिवार बीएसपी कैंटीन सेल प्रभारी जॉर्ज विलियम के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है, जहां उसकी पत्नी खाना बनाने का काम करती है।

परिजनों के अनुसार, शनिवार रात करीब 8 बजे अजय शराब के नशे में घर पहुंचा था और पत्नी से उसका विवाद हुआ। इसके बाद वह घर से बाहर निकल गया। बताया जाता है कि वह सड़क 27 स्थित एक दोस्त के घर गया, जहां उसने तंबाकू लिया, लेकिन उसके बाद वह कहां गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।

रविवार सुबह उसका शव पेड़ पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। अजय का छह माह का एक छोटा बच्चा भी है। वह मूल रूप से दूसरे जिले का निवासी था, जबकि उसके पिता और भाई रायपुर में रहते हैं। सूचना मिलते ही परिजन भी भिलाई पहुंच गए हैं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share This Article