धमधा के डीहीपारा में ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी ने मचाई तबाही, 5 लाख से अधिक का नुकसान

Editor
By Editor 2 Min Read

खेत, चारा व गेहूं की फसल जलकर खाक, फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश

दुर्ग, जिले के धमधा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम डीहीपारा में एक बार फिर भीषण आगजनी की घटना ने हड़कंप मचा दिया। जानकारी के अनुसार, डॉ. जोहन वर्मा के खेत में लगे ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी ने अचानक आग पकड़ ली और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस आग में सेगोन की बॉडी ड्रिप पाइप सहित करीब 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में स्थित टीएस चनतारे के पैरावक (पशुओं का चारा) तक पहुंच गईं, जिससे वहां भी भारी नुकसान हुआ। आग तेजी से फैलते हुए आसपास के खेतों तक जा पहुंची, जहां खड़ी गेहूं की फसल और पलारी भी इसकी चपेट में आ गई।

घटना के दौरान ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर के माध्यम से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उस पर काबू पाना आसान नहीं था। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग को फैलने से रोका जा सका।

हैरानी की बात यह रही कि घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दिए जाने के बावजूद टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर दमकल पहुंचती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

वीडियो

धमधा क्षेत्र में लगातार आगजनी की घटनाएं सामने आने से किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसफॉर्मरों की नियमित जांच कराई जाए और आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से समय रहते निपटा जा सके।

Share This Article