भिलाई। थाना छावनी क्षेत्र अंतर्गत अहमद नगर कैम्प-02 स्थित कैरम सेंटर में सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद में मारपीट कर हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 अप्रैल 2026 को प्रार्थी मोह. वसी ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बड़ी मस्जिद के पास अयाज अहमद सिद्दीकी के कैरम सेंटर में बैठा था। इसी दौरान सिगरेट मांगने पर मना करने से विवाद शुरू हुआ। इसके बाद आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाकर गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट की और गला दबाकर तथा धारदार वस्तु से हमला कर हत्या का प्रयास किया।

पुलिस ने प्रकरण में अपराध दर्ज कर विवेचना के दौरान आरोपियों मोह. रफिक, वसीम कुरैशी उर्फ कालू एवं रज्जा अहमद उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार वस्तु एवं अन्य सामग्री जप्त की गई है।
इस कार्रवाई में थाना छावनी के सउनि दिनेश कुमार सिंह, आरक्षक विकास सिंह एवं संदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।


