दुर्ग पुलिस की बड़ी सफलता: 205 गुम मोबाइल बरामद, ₹50 लाख की संपत्ति लौटाई

Editor
By Editor 2 Min Read

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट का विशेष अभियान रंग लाया, मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे; सड़क सुरक्षा को लेकर भी दिलाई गई शपथ

दुर्ग, जिले में गुम हुए मोबाइल फोन की बढ़ती शिकायतों के बीच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACU) ने बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने वर्ष 2023 से 2026 के बीच गुम हुए कुल 205 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इन मोबाइल फोन को विधिवत सत्यापन के बाद उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया जा रहा है, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले के विभिन्न थानों में लगातार मिल रही गुम मोबाइल की शिकायतों के निराकरण के लिए यह अभियान चलाया गया। एसीयू टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सतत प्रयासों के जरिए दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।

इस पूरी कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निरीक्षक प्रमोद कुमार सरिया के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन को खोजकर सफलता हासिल की, जिसे पुलिस विभाग की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

मोबाइल वितरण के दौरान आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की शपथ भी दिलाई गई और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

वीडियो

दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। इसके साथ ही भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर जाकर मोबाइल की जानकारी दर्ज करना भी जरूरी है, ताकि मोबाइल की खोज, ब्लॉकिंग और वैधानिक कार्रवाई में सहायता मिल सके।

Share This Article