भिलाई, भिलाई में आयोजित जेईई मेन्स परीक्षा के दौरान नकल का एक अनोखा मामला सामने आया है। एक परीक्षार्थी ने बायो ब्रेक के बाद अपनी चप्पल में मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा हॉल में ले जाने की कोशिश की, लेकिन उसकी चाल-ढाल ने उसे पकड़वा दिया।
जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल को सिरसाकला भिलाई-3 स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में जेईई मेन्स की परीक्षा आयोजित थी। प्रथम पाली में शामिल परीक्षार्थी आदित्य कुमार सुबह तय समय पर जांच प्रक्रिया पूरी कर परीक्षा कक्ष में प्रवेश किया। प्रारंभिक जांच के दौरान उसने अपनी चप्पल पहले ही उतार दी थी, जिससे संदेह नहीं हुआ।
परीक्षा के दौरान वह सुबह करीब 11:08 बजे बायो ब्रेक के लिए वाशरूम गया और करीब 20 मिनट बाद बाहर आया। वापसी में भी मेटल डिटेक्टर से जांच की गई, लेकिन इस बार भी उसने चप्पल उतारकर जांच कराई।
हालांकि, वाशरूम से लैब की ओर लौटते समय उसकी असामान्य चाल—चप्पल घसीटकर चलना—सुरक्षा गार्ड को संदिग्ध लगी। गार्ड ने तुरंत उसे रोककर चप्पल की जांच कराई। जांच में पाया गया कि चप्पल को काटकर उसके अंदर मोबाइल फोन छिपाया गया था।
घटना की जानकारी तुरंत परीक्षा केंद्र के अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और परीक्षार्थी को हिरासत में लेकर पुरानी भिलाई थाने ले गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2008 की धारा 9 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना ने परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था और नकल के नए तरीकों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


