भिलाई चरोदा नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 382.14 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का बजट पेश किया

Editor
By Editor 3 Min Read

भिलाई, भिलाई चरोदा नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 382 करोड़ 14 लाख रुपए के विकास कार्यों का बजट प्रस्तुत किया। सोमवार को बजट पेश करते हुए निगम के मेयर निर्मल कोसरे ने बताया कि निगम के चार मंगल भवनों और नगर निगम कार्यालय में सोलर लाइट से प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। जल संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु घरों और भवनों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पर 10 प्रतिशत शुल्क में छूट तथा टैक्स का अग्रिम भुगतान करने पर पांच प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया है।

प्रकाश व्यवस्था के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कुल 290 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। मोरिद डीएमसी रोड से उरला तक 100 लाख, उम्दा चौक से ट्रांसपोर्ट नगर तक 50 लाख, उरला दुग्ध डेयरी से मुख्य मार्ग तक 20 लाख, सिरसा चौक से मोरिद तक 50 लाख, सिरसा गेट चौक से सिरसा बस्ती तक 50 लाख और सिरसा चौक से देवबलोदा शिव मंदिर तक 50 लाख रुपए का आवंटन किया गया है। विद्युत पोल लगाने के लिए 20 लाख रुपए का बजट रखा गया है।
जलप्रदाय व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मोरीद जलाशय में इंटेकवेल का निर्माण कर उरला फिल्टर प्लांट से नवीन पाइपलाइन जोड़ी जाएगी। इसके लिए 50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उच्च स्तरीय पानी टंकी निर्माण के लिए छह करोड़ रुपए रखे गए हैं, जो ट्रांसपोर्ट नगर, जरवाय, पदुम नगर, आदर्श नगर, देव बलौदा और सिरसा भाटा में बनाई जाएगी। पेयजल संधारण के लिए 1.57 करोड़, नलकूप कार्यों के लिए दो करोड़, पाइपलाइन विस्तार के लिए चार करोड़ और इंटेकवेल निर्माण के लिए 1.14 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है।

सफाई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 4.85 करोड़, सीवर लाइन के लिए एक करोड़ और छह नए मनी कंचन केंद्र के निर्माण पर 1.65 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। श्रद्धांजलि योजना में दी जाने वाली राशि को 3,000 रुपए करने हेतु राज्य शासन से स्वीकृति मांगी जाएगी।
पुरानी योजनाओं में मुख्यमंत्री नगरोधन योजना, मिनी स्टेडियम निर्माण, टप्पा तालाब का सुंदरीकरण, सेठ व चबूतरा निर्माण, मुक्तिधाम का विकास और उन्मुक्त खेल मैदान योजना शामिल हैं। डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण के लिए 4.8 करोड़ रुपए और ग्रामीण वार्डों में छह मंगल भवनों के निर्माण का प्रावधान रखा गया है।

वीडियो

विपक्ष ने बजट पर सवाल उठाए। नेता प्रतिपक्ष रामखिलावन ने इसे छलावा बताया और पेयजल की स्थिति पर चिंता जताई। चंद्र प्रकाश पांडे ने कहा कि पूर्व घोषणाएं पूरी नहीं हुई हैं, वहीं डबरापारा के पार्षद तुलसी ने भी सत्ता पक्ष को विभिन्न मुद्दों पर घेरा।

Share This Article