खल्लारी मंदिर रोप-वे हादसा में एक श्रद्धालु की मौत, कई घायल  जांच के आदेश

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर, महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रविवार सुबह रोप-वे दुर्घटना से हड़कंप मच गया। सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच श्रद्धालु रोप-वे के माध्यम से पहाड़ी पर स्थित मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी अचानक तकनीकी खराबी के कारण बड़ा हादसा हो गया। घटना में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि पुरुष, महिलाएं और बच्चों सहित कई लोग घायल हो गए।

मृतका की पहचान आयुषी साहस (28 वर्ष), निवासी गांधी चौक, राजा तालाब, रायपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के सात सदस्य सहित कुल 13 लोग रोप-वे में सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों में गोविंद स्वामी (44), निवासी स्वामी चौक महासमुंद, रतनलाल नागेश्वर (65), हेमिन बाई (62), हेमलाल (38), कुलसी (35), पूर्वी नागेश्वर (7), टिया (3), अमलेश (30) सभी निवासी टिकरापारा रायपुर, खुमेश साहू (42), टोमेश्वरी (36), हर्ष साहू (9 माह) निवासी दलदल सिवनी रायपुर, ऋषभ धावड़े (29) एवं छायांश धावड़े (16 माह) निवासी राजा तालाब रायपुर, मानसवी उपासे (12) निवासी अयोध्या नगर महासमुंद, नमिता स्वामी (48) एवं अंशिता (10) निवासी स्वामी चौक महासमुंद शामिल हैं।
सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन एवं रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि लापरवाही की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

सीएम ने कहा-जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा
इस घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतका के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है तथा घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article