भुगतान के एवज में कर रहा था वसूली
रायपुर, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर ने नवागढ़ नगर पंचायत के लेखापाल प्रकाश जायसवाल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्रार्थी अब्दुल वहाब ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी फर्म द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 में किए गए अधोसंरचना एवं मरम्मत कार्यों के लगभग 2.03 लाख रुपये के भुगतान के लिए लेखापाल द्वारा 16 हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी। इसमें से 6 हजार रुपये आरोपी पहले ही एडवांस के रूप में ले चुका था।
शिकायत के सत्यापन में मामला सही पाया गया और मोलभाव के बाद आरोपी 10 हजार के बजाय 8 हजार रुपये लेने पर सहमत हुआ। 20 मार्च 2026 को एंटी करप्शन ब्यूरो ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को दूसरी किश्त 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से नगर पंचायत क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।


