रायपुर, भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर ने छत्तीसगढ राज्य बिजली वितरण कंपनी के तीन अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उप अभियंता राजेन्द्र शुक्ला, सहायक अभियंता विजय नोर्गे और सहायक ग्रेड-1 देवेन्द्र राठौर शामिल हैं।
प्रार्थी प्रदीप यादव ने शिकायत में बताया कि ग्राम खोखसा में फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट लगाने हेतु ट्रांसफॉर्मर और मीटर स्थापना के बदले आरोपियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। उप अभियंता ने 10 हजार रुपये तथा सहायक अभियंता और उनके सहयोगी ने 25 हजार रुपये मांगे थे।
शिकायत सत्यापन के बाद 20 मार्च 2026 को एंटी करप्शन ब्यूरो ने ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान तीनों आरोपियों को कुल 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।


