भिलाई, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने शुक्रवार को बीएमवाय चरोदा स्थित इलेक्ट्रिक लोको शेड का विस्तृत निरीक्षण किया। सुबह करीब 10:30 बजे पहुंचे महाप्रबंधक ने लगभग चार घंटे तक विभिन्न विभागों का बारीकी से जायजा लेते हुए रखरखाव प्रणाली, तकनीकी कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ई-3 (ट्रैक्शन मोटर रिपेयरिंग) और ई-4 सेक्शन, इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल यूनिट्स सहित स्क्रैप यार्ड का अवलोकन किया। ई-3 विभाग में करीब डेढ़ घंटे तक रुककर ट्रैक्शन मोटर ओवरहॉलिंग की प्रक्रियाओं, वर्कफ्लो और दस्तावेजों की गहन जांच की तथा अधिकारियों से तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की। इलेक्ट्रॉनिक अनुभाग में विभिन्न कार्डों की इन-हाउस मरम्मत प्रणाली और फॉल्ट विश्लेषण की जानकारी ली, साथ ही बाहरी निर्भरता कम करने पर जोर दिया।
स्क्रैप यार्ड में अधिक मात्रा में स्क्रैप और अव्यवस्था देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और बेहतर हाउसकीपिंग के निर्देश दिए। इस दौरान गति शक्ति इकाई (GSU) के तहत चल रहे शेड विस्तार कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने नवीनीकृत रसायन एवं धातु विज्ञान (C&M) प्रयोगशाला का शुभारंभ किया। यहां घुलित गैस विश्लेषण (DGA), मलबे मीटर विश्लेषण और ब्रेकडाउन वोल्टेज (BDV) जैसी आधुनिक परीक्षण तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जो ट्रांसफार्मर ऑयल और उपकरणों की स्थिति की निगरानी में सहायक हैं।
महाप्रबंधक ने कर्मचारियों को “संरक्षा पहले” के सिद्धांत का पालन करने, समयबद्ध रखरखाव और गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राजेंद्र चौधरी एवं दयानंद सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


