आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा: 200 पदों के लिए चयन एवं प्रतीक्षा सूची जारी

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर, आबकारी विभाग के अंतर्गत आबकारी आरक्षक के 200 रिक्त पदों की पूर्ति हेतु छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित भर्ती प्रक्रिया के तहत अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। यह भर्ती कार्यालयीन पत्र दिनांक 05 मई 2025 के तहत जारी विज्ञापन के अनुसार की गई।

व्यापम द्वारा आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा (ABA-25) का आयोजन 27 जुलाई 2025 को किया गया था, जिसका अंतिम उत्तर एवं परीक्षा परिणाम 19 सितंबर 2025 को वेबसाइट पर जारी किया गया। इसके उपरांत 23 सितंबर 2025 को विभाग को प्राप्त मेरिट सूची एवं अभिलेखों के आधार पर वर्गवार एवं प्रवर्गवार रिक्तियों के लगभग तीन गुना अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मापदंड परीक्षण हेतु बुलाया गया।

सत्यापन प्रक्रिया के दौरान पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद 128 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे या शारीरिक मापदंड में अपात्र पाए गए। ऐसे अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया से बाहर करते हुए 12 मार्च 2026 को आम सूचना जारी की गई थी।

शेष पात्र अभ्यर्थियों में से व्यापम द्वारा जारी मेरिट के आधार पर 200 पदों के विरुद्ध 200 अभ्यर्थियों की मुख्य चयन सूची जारी की गई है। इसके अतिरिक्त 43 अभ्यर्थियों की अनुपूरक (प्रतीक्षा) सूची भी जारी की गई है, जिससे भविष्य में रिक्तियां उत्पन्न होने पर उनका उपयोग किया जा सके।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन सूची में शामिल अभ्यर्थियों का चयन दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मापदंड में पात्रता के आधार पर किया गया है। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं नियमसम्मत तरीके से पूर्ण किया गया है।

Share This Article