त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026: मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया शुरू

Editor
By Editor 2 Min Read

जनपद पंचायतों में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने अधिकारी नियुक्त

दुर्ग, जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इसके तहत संबंधित जनपद पंचायतों की मतदाता सूचियों को 1 अप्रैल 2026 को संदर्भ तिथि मानते हुए तैयार एवं पुनरीक्षित किया जाएगा।

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार छत्तीसगढ़ पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के नियम 18 के अंतर्गत जनपद पंचायत दुर्ग, धमधा और पाटन के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार की जाएगी। इसके लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के आदेशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दुर्ग, धमधा एवं पाटन को संबंधित जनपद पंचायतों के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं तहसीलदार दुर्ग, तहसीलदार धमधा तथा तहसीलदार पाटन को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी दुर्ग को अपीलीय प्राधिकारी बनाया गया है।

उप निर्वाचन के तहत जनपद पंचायत दुर्ग, धमधा और पाटन क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में मतदाता सूची तैयार करने और उसके पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत भोथली, तिरगा, बोरई, कोटनी और उमरपोटी ग्राम पंचायत शामिल हैं। इसी प्रकार जनपद पंचायत धमधा के अंतर्गत रुहा, पथरिया (डो.), लहंगा, नंदवाय और करेली तथा जनपद पंचायत पाटन के अंतर्गत सुरपा, तुलसी, मानिकचौरी, कसही, गोडपेन्ड्री, भनसुली, गातापार वार्ड सहित पाहंदा (अ) सांकरा ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है।

प्रशासन द्वारा इस प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि आगामी पंचायत उप निर्वाचन निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

Share This Article