भिलाई, छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में सोमवार की शाम को सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर खुदकुशी करने वाले छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल ( सीएएफ ) के जवान कृपा चंद उर्फ बबलू ( 38 वर्ष ) का अंतिम संस्कार आज दोपहर भिलाई-3 में किया गया। छुईखदान में पोस्ट मार्टम के बाद आज जवान के शव को उनके भिलाई-3 के आजाद चौक निवास लाया गया।
शव के घर पहुंचते ही पत्नी और बच्चों सहित परिजनों का रोना देख लोगों की आंखें नम हो गई।
घटना छुईखदान थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक आजाद चौक भिलाई-3 में पुलिस पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाला जवान कृपा चंद सोनवानी सीएएफ की छठवीं बटालियन में पदस्थ था और खैरागढ़ जिले के उदयपुर पैलेस में ड्यूटी पर तैनात था। जवान ने उदयपुर पैलेस में ही ड्यूटी के दौरान सोमवार शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। कृपा चंद की विवाहित था और उसकी दो बेटियां हैं।
दरअसल, पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद राजपरिवार में चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण प्रशासन ने उदयपुर पैलेस और खैरागढ़ स्थित कमल विलास पैलेस को सील कर रखा है। इन दोनों परिसरों की सुरक्षा के लिए सीएएफ के जवानों को तैनात किया गया है और उनकी ड्यूटी अलग-अलग शिफ्ट में लगाई जाती है।
बताया गया है कि सोमवार को कृपा चंद सोनवानी सामान्य दिनों की तरह अपनी ड्यूटी पर मौजूद था। साथियों के अनुसार, वह कुछ समय से तनाव में दिख रहा था, लेकिन इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया गया। शाम के वक्त अचानक गोली चलने की तेज आवाज से पैलेस परिसर में हड़कंप मच गया।


