वाहन मालिकों को मौके पर ई-चालान, गैरमौजूद गाड़ियों को जब्त कर ट्रैफिक कार्यालय भेजा
भिलाई, जुनवानी क्षेत्र स्थित सूर्या मॉल के सामने निगम के फुटपाथ पर चल रही अवैध पार्किंग पर पुलिस ने देर रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया। मौके पर पार्किंग संचालित कर रहे व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, जबकि मौजूद वाहन मालिकों को ई-चालान जारी किया गया। जिन वाहनों के मालिक मौके पर नहीं थे, उन्हें जब्त कर नेहरू नगर ट्रैफिक पुलिस कार्यालय भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति फुटपाथ पर पार्किंग चलाकर वाहन चालकों से रसीद काटकर शुल्क वसूल रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पार्किंग संचालन में संलिप्त आशीष कुमार को पकड़कर स्मृति नगर थाना में धारा 285 के तहत मामला दर्ज किया।
कार्रवाई सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस और स्मृति नगर थाना की संयुक्त टीम ने की। इस दौरान सूर्या मॉल प्रबंधन से भी पूछताछ की गई। मॉल प्रबंधक विनोद सिंह ने स्पष्ट किया कि मॉल परिसर में अलग से पार्किंग की व्यवस्था है और फुटपाथ पर चल रही पार्किंग से उनका कोई संबंध नहीं है।

बताया गया कि जिस स्थान पर अवैध पार्किंग संचालित हो रही थी, वह नगर निगम की जमीन है और इसके लिए किसी को भी अधिकृत नहीं किया गया है। इसके बावजूद मधु एसोसिएट नाम से रसीद काटकर चार पहिया वाहनों से 60 रुपये और दोपहिया से 20 रुपये शुल्क लिया जा रहा था।
सप्ताहांत पर मॉल में बढ़ती भीड़ के कारण पार्किंग की कमी का फायदा उठाकर फुटपाथ पर वाहन खड़े कराए जा रहे थे, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। पुलिस ने इस पर सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई को आगे भी जारी रखने की बात कही है।


