पंडवानी गायिका पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई की तबीयत में सुधार, चिकित्सकों ने एम्स रायपुर में जांच की दी सलाह

Editor
By Editor 3 Min Read

भिलाई, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण सम्मान से अलंकृत डॉ. तीजन बाई पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही हैं। दुर्ग जिले के भिलाई-चरोदा नगर निगम के वार्ड गनियारी स्थित अपने पैतृक निवास में 78 वर्षीय तीजन बाई फिलहाल बेडरेस्ट पर हैं। हालांकि चिकित्सकों के अनुसार उनकी सेहत में पहले की तुलना में कुछ सुधार हुआ है।

शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके निवास पर पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि उनका रक्तचाप सामान्य से थोड़ा कम है। डॉक्टरों ने बताया कि खानपान में कमी और शारीरिक कमजोरी के कारण उन्हें कमजोरी महसूस हो रही है। इस स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने परिवार के सदस्यों को आहार की मात्रा बढ़ाने और नियमित देखभाल करने की सलाह दी है।

चिकित्सकों ने बेहतर स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर ले जाने की भी सिफारिश की है। यहां मेडिसिन विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ और न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ द्वारा उनकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। इसी दौरान उनके निवास पर फिजियोथेरेपी भी कराई गई, ताकि उनकी शारीरिक स्थिति में सुधार हो सके।

वीडियो

भिलाई-3 स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने बताया कि डॉ. तीजन बाई की नियमित रूप से हर दो महीने में एम्स रायपुर में जांच कराई जाती है। इससे पहले 5 फरवरी को भी उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में डॉ. तीजन बाई को पैरालिसिस का अटैक आया था। इसके बाद नवंबर 2025 में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर जिला प्रशासन ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजकर उन्हें बेहतर उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया था। वहां कुछ दिनों तक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी थी।

इसके बाद से समय-समय पर उन्हें जांच के लिए एम्स रायपुर ले जाया जाता है। वहीं जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थानीय स्तर पर भी उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच और देखरेख कर रही है। चिकित्सकों का कहना है कि उचित देखभाल और संतुलित आहार से उनकी सेहत में और सुधार की संभावना है।

टीम में डॉ. शिखर अग्रवाल, डॉ. शिवानी  फिजियोथेरेपिस्ट, रंजू बिस्वास, भोज बाई एएनएम, स्टाफ नर्स  खुशबू वर्मा, टी बी एच बी राहुल यादव, 108 ई एम टी किरण
उनके वाहन चालक उपस्थित थे ।

Share This Article