राजीव नगर के 150 परिवारों ने कलेक्टर से मांगा सुरक्षित आवास

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई, नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा के वार्ड क्रमांक 29, राजीव नगर, चरोदा में रेलवे की जमीन पर लंबे समय से रह रहे करीब 150 परिवारों ने रेलवे द्वारा भेजे गए बेदखली नोटिस के विरोध में कलेक्टोरेट का दौरा किया। बुधवार को प्रभावित परिवारों ने जनदर्शन के दौरान कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए आग्रह किया कि किसी भी बेदखली कार्रवाई से पहले उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत वैकल्पिक और सुरक्षित आवास प्रदान किया जाए।

ज्ञापन में बताया गया कि यह पुरानी बस्ती दशकों से अस्तित्व में है और यहां रहने वाले अधिकांश लोग दैनिक मजदूरी, छोटे व्यवसाय और असंगठित क्षेत्र में कार्यरत हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है। वर्ष 2003 से इस बस्ती में सभी घरों को छत्तीसगढ़ राज्य बिजली वितरण कंपनी द्वारा बिजली कनेक्शन और मीटर उपलब्ध कराए गए हैं। नगर निगम ने भी समय-समय पर बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की है, जिससे यह क्षेत्र लंबे समय से व्यवस्थित रूप से आबाद है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान वार्ड पार्षद चंद्रप्रकाश पांडेय, प्रकाश राव, पी. बलराम, शंकर राव, शीला यादव, रीना गुप्ता, संतोषी रजक, मोनिका ग्रे, कोरमा राव, लक्ष्मी, कौशल यादव, अंजलि सहित समस्त राजीव नगर वासी मौजूद रहे और उन्होंने अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।

परिवारों ने चेतावनी दी कि यदि रेलवे बिना वैकल्पिक आवास के बेदखली करता है, तो बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना – सबके लिए आवास (शहरी) के दिशा-निर्देशों के तहत पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराया जाए। भिलाई-चरोदा निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना उपलब्ध है और खाली है जो खंडहर में तब्दील हो रहे हैं।

Share This Article