भिलाई, नगर पालिक निगम भिलाई ने शासकीय जमीन पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर कब्जा हटाया। कार्रवाई निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के प्रातः निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देश के बाद की गई।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने देखा कि जेपी नगर कैंप-2 स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास निगम स्वामित्व की भूमि पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर क्रिकेट कोर्ट बनाया जा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद जोन-3 आयुक्त, राजस्व विभाग और बेदखली टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाकर निगम की जमीन को मुक्त कराया।
आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि निगम की जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता अनिल सिंह, सहायक अभियंता नितेश मेश्राम, उप अभियंता दीपक देवांगन, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बीरेन्द्र बंजारे सहित निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


