दी गई महिला अधिकारों की जानकारी
भिलाई, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एकीकृत बाल विकास परियोजना भिलाई-2 के तत्वाधान में सतनाम भवन भिलाई-3 में वृहद महतारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की एमआईसी मेंबर दीप्ति वर्मा, पार्षद प्रेमलता चंद्राकर, देव कुमारी भलावी एवं माधवी चंद्राकर उपस्थित रहीं।
परियोजना अधिकारी नीलम राय चौधरी ने अपने उद्बोधन में विभाग की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए महिलाओं के अधिकारों, सम्मान एवं समानता के विषय में जानकारी दी। इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों एवं दाइयों का सम्मान किया गया तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं का सम्मान करते हुए प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी, मनोरंजन हेतु खेल प्रतियोगिताएं तथा अतिथियों हेतु जलेबी दौड़ का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ महिला कोष से लाभान्वित महिलाओं को 2 लाख के चेक वितरित किए गए तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में 36 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
कार्यक्रम में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम एवं कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न संबंधी जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर समस्त पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाएं उपस्थित रहीं।


