कूनो नेशनल पार्क में चीता परिवार का विस्तार, ज्वाला ने दिए 5 शावकों को जन्म

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर, मध्यप्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में एक बार फिर खुशखबरी सामने आई है। यहां की मादा चीता ज्वाला ने 9 मार्च को पांच शावकों को जन्म दिया है। नए शावकों के आगमन से देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 53 तक पहुंच गई है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस बार ज्वाला ने खुले जंगल में प्राकृतिक रूप से मेटिंग के बाद इन शावकों को जन्म दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह संकेत है कि चीते अब कूनो के प्राकृतिक वातावरण में अच्छी तरह से घुलमिल चुके हैं और यहां उनका प्रजनन चक्र सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा है।

ज्वाला उन चीतों में शामिल है जिन्हें अफ्रीकी देश नामीबिया से भारत लाया गया था। वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष पहल के तहत इन चीतों को कूनो में छोड़ा था। भारत में दशकों बाद चीतों की वापसी को लेकर यह परियोजना शुरू की गई थी।
कूनो में आने के बाद ज्वाला ने यहां के वातावरण के साथ तेजी से तालमेल बिठाया। इससे पहले भी वह दो बार शावकों को जन्म दे चुकी है। वर्ष 2023 में उसके चार शावक हुए थे, जिनमें से एक ही जीवित रह पाया था। इसके बाद जनवरी 2024 में उसने तीन शावकों को जन्म दिया था। अब तीसरी बार पांच शावकों के जन्म के साथ ज्वाला कूनो की सबसे सफल मादा चीताओं में गिनी जाने लगी है। वन अधिकारियों का कहना है कि शावकों और उनकी मां पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंस्ट्राग्राम अकाउंट पर चीता की तस्वीर शेयर करते हुए इस उपलब्धि को वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि चीतों की संख्या में लगातार वृद्धि से देश में चल रहे प्रोजेक्ट चीता को नई मजबूती मिल रही है।

Share This Article