साड़ी फंसने से बाइक से गिरी शिक्षिका, इलाज के दौरान मौत

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर, खैरागढ़ के किल्लापारा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी स्कूल की शिक्षिका की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका ने इलाज के दौरान रायपुर के एम्स अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना से शिक्षण जगत और स्थानीय क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय मर्सी बचईया मूल रूप से दल्ली के पास स्थित बैगाडेरा गांव की रहने वाली थीं और इन दिनों खैरागढ़ के दाऊचौरा क्षेत्र में निवास कर रही थीं। वे अमलीपारा स्थित वेसलियन इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। शनिवार सुबह करीब 9 बजे वे अपने पुत्र राबी बचईया के साथ दोपहिया वाहन से स्कूल जा रही थीं।

इसी दौरान किल्लापारा में राधा-कृष्ण मंदिर के पास उनकी साड़ी का पल्लू अचानक बाइक के पिछले पहिए में फंस गया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें जिला सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें पहले राजनांदगांव और फिर दुर्ग के निजी अस्पताल रेफर किया। बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और परिचितों में शोक व्याप्त है।

Share This Article