फ्लाईओवर से गिरकर मौत होने की आशंका
भिलाई, बुधवार रात को सेक्टर-1 स्थित मुर्गा चौक के पास फ्लाइओवर के नीचे मृत अवस्था में मिले युवक की आज तिसरे दिन भी शिनाख्त नहीं हो सकी। बुधवार को रात करीब 8 बजे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने फ्लाईओवर से नीचे गिरने से मौत की आशंका जताई है। घटना भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के मुताबिक मृतक अज्ञात पुरूष की उम्र करीबन 30 वर्ष होगी। जिसका हुलिया चेहरा गोल, रंग गेहुंआ, बाल लंबा काला, सफेद रंग का हल्का चेकदार हाफ शर्ट, नीले रंग का फटा डिजाईन वाला जींस, सफेद रंग का स्पोर्ट्स जूता, चाकलेटी रंग का बेल्ट पहना है। दाहिने हाथ की कलाई में गोदना से त्रिशुल बना हुआ है। मृतक के शर्ट के जेब में मोनो लगा है जिसमें नीले रंग से अंग्रेजी में क्रिएशन बाय इंस्कल्ट 69 20 इंडस्ट्री 19 लिखा हुआ है। बांये हाथ में काले रंग का घड़ी पहना है। मृतक के शव को शासकीय अस्पताल सुपेला के मर्चुरी में रखवाया गया है। जानकारी के मुताबिक राहगीरों ने बुधवार को रात 8 बजे के आसपास मुर्गा चौक फ्लाईओवर के नीचे युवक को पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर वह मृत मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची।आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी। उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। घटनास्थल का निरीक्षण एफएसएल टीम ने किया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास के हालात की बारीकी से जांच की। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत फ्लाईओवर से गिरने के कारण हुई हो सकती है। यह हादसा हो सकता है या आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल हर पहलू से जांच जारी है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फ्लाईओवर से गिरने का प्रतीत होता है। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया है। भिलाई भट्टी थाना में मर्ग कायम कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। युवक की पहचान के प्रयास जारी है।


