काली बाड़ी में मां काली की पूजा-अर्चना, सैकड़ों कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति
भिलाई, चरोदा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के भिलाई जिला प्रवास के दौरान चरोदा मंडल में युवा मोर्चा की टीम द्वारा उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर चरोदा स्थित काली बाड़ी में विधिवत मां काली की पूजा-अर्चना कर प्रदेश अध्यक्ष ने आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजा-अर्चना के उपरांत टिकरिहा ने माता रानी से प्रदेश एवं संगठन की उन्नति तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके पश्चात वे जिले के अन्य प्रवास कार्यक्रमों की ओर अग्रसर हुए। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने माता रानी की जयकारों एवं संगठनात्मक नारों के साथ प्रदेश अध्यक्ष का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राहुल योगराज टिकरिहा के नेतृत्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक नए आयाम स्थापित करेगा। उनके नेतृत्व में संगठन युवाओं को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान कर रहा है।
कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के रोहित चौधरी, आशीष बोरकर, अभय चौबे, गुड्डू भारती सहित सैकड़ों की संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


