स्पा संचालकों पर देह व्यापार में धकेलने का आरोप, युवती की शिकायत पर दो हिरासत में

Editor
By Editor 2 Min Read

बिलासपुर, स्पा सेंटर में काम करने वाली युवती को संचालकों द्वारा देह व्यापार में धकेलने का गंभीर मामला सामने आया है। संचालकों की प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने काम छोड़ दिया, लेकिन उसे छह महीने का वेतन भी नहीं दिया गया। परेशान होकर युवती ने थाने में पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने स्पा संचालक और मैनेजर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मामला बिलासपुर का है। सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सरगुजा जिले की रहने वाली युवती करीब आठ महीने पहले रोजगार की तलाश में शहर आई थी। काम की खोज के दौरान उसे सत्यम चौक स्थित आइवेरी स्पा सेंटर में नौकरी मिली। स्पा की संचालक पूजा ढकाल और मैनेजर नीरू तमांग ने उसे आश्वासन दिया कि घर जाने के समय एक साथ पूरा वेतन दे दिया जाएगा। इस दौरान युवती को हर महीने केवल जरूरत भर की रकम दी जाती रही, जबकि शेष राशि संचालकों ने अपने पास रख ली।

जब युवती ने घर जाने के लिए अपने बकाया रुपये मांगे, तो आरोप है कि उसे देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया। अपनी मेहनत की कमाई पाने की मजबूरी में युवती ने एक बार उनकी बात मानी, लेकिन इसके बावजूद उसे पैसे नहीं दिए गए। अंततः मानसिक रूप से परेशान युवती ने पुलिस की शरण ली।
पुलिस ने युवती की शिकायत पर बीएनएस की धारा 143(1)(2), 296, 351(3), 3(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
उधर, शहर में संचालित कई स्पा सेंटरों को लेकर संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इसे देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी स्पा सेंटरों की नियमित जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस टीम द्वारा लगातार चेकिंग की जा रही है और अवैध गतिविधि पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Share This Article