भिलाई। भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वपूर्ण योजना के तहत नवजात शिशुओं के पूर्ण टीकाकरण पर ई-सर्टिफिकेट देने का पहला केंद्र अब देव बलोदा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बन गया है। युविन पोर्टल के माध्यम से यह सुविधा जिला स्तर पर विशेष महत्व रखती है।
आज सेंटर में वार्ड पार्षद शिव कुमारी यादव के करकमलों से 9 माह का टीकाकरण पूर्ण करने वाले हर्षिता (पिता: सुनील साहू) और मानवी (पिता: संदीप पटेल) को ई-सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, दुर्ग जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मनोज दानी, जिला टीकाकरण अधिकारी दिव्या श्रीवास्तव, मातृत्व स्वास्थ्य नोडल अधिकारी अर्चना चौहान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक भूमिका वर्मा, जिला कार्यक्रम समन्वयक टीकाकरण रश्मि भौसले सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि युविन पोर्टल के माध्यम से नवजात शिशुओं का टीकाकरण कहीं भी कराना और उसकी रिकॉर्डिंग करना संभव है। पूर्ण टीकाकरण होने पर ई-सर्टिफिकेट ऑनलाइन जनरेट कर प्रिंट कराकर लिया जा सकता है। देव बलोदा सेंटर ने यह प्रक्रिया जिले में पहली बार सफलतापूर्वक लागू की। ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजिका देवीला चंद्राकर और स्वास्थ्य संयोजक कुमेश साहू ने हितग्राहियों का टीकाकरण कर ई-सर्टिफिकेट तैयार किया।
भविष्य में जिले के अन्य सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में भी ई-सर्टिफिकेट वितरण शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम में मितानिन, आरोग्य समिति के सदस्य और पाटन खंड चिकित्सा अधिकारी भुवनेश्वर कुमार कठौतिया, बीईटीओ सैय्यद असलम एवं एलएचवी आर. विश्वास ने विशेष सहयोग दिया। यह पहल आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो नवजात शिशुओं के टीकाकरण और स्वास्थ्य जागरूकता को और मजबूत बनाएगी।


