यह कैसा नशा, जो घर बर्बाद कर रहा?
रायपुर, सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम रील बनाने का चलन अब कई घरों में विवाद की बड़ी वजह बनता जा रहा है। मनोरंजन और पहचान का यह माध्यम जब शक, गुस्से और टकराव में बदल जाए, तो इसके नतीजे बेहद खौफनाक हो सकते हैं। छत्तीसगढ़ के भिलाई और मध्यप्रदेश के झाबुआ से सामने आई दो घटनाएं इस सच्चाई को उजागर करती हैं, जहां रील बनाने को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को आत्महत्या और दूसरे को हत्या जैसी वारदात से जोड़ दिया।
भिलाई में रील विवाद, पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई अंतर्गत छावनी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। मृतका अंजली साव (35 वर्ष) इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय थी और नियमित रूप से रील व डांस वीडियो अपलोड करती थी। पति को उसका सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना पसंद नहीं था, इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
घटना वाले दिन भी पति-पत्नी में झगड़ा हुआ, जिसके बाद अंजली ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसका पता तब चला जब उसके बच्चे ट्यूशन से घर लौटे और मां को फंदे पर झूलता देखा। बच्चों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अंजली मोहल्ले में रील और डांस वीडियो को लेकर काफी चर्चित थी। उसने 26 जनवरी को अपनी आखिरी पोस्ट इंस्टाग्राम पर डाली थी। बताया गया कि दिसंबर माह में भी उसने आत्महत्या का प्रयास किया था, तब उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है।
झाबुआ में रील से रोका तो पत्नी ने पति की गला घोंटकर हत्या
मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के थांदला क्षेत्र में इंस्टाग्राम रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद हत्या में तब्दील हो गया। यहां पत्नी ने अपने ही पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी पत्नी ने यूट्यूब पर गला दबाने के तरीके देखकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक कैलाश पिता रायचंद माल (25) अपनी पत्नी के इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड करने का विरोध करता था। इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पति को पत्नी के चरित्र पर भी संदेह था। घटना वाले दिन एक शादी समारोह में रील बनाने से रोकने पर विवाद और बढ़ गया।
28 जनवरी को दोपहर 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कैलाश का शव उसके घर में संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाना पाया गया। जांच में खुलासा हुआ कि विवाद के बाद गुस्से में आकर पत्नी ने यूट्यूब पर गला घोटने के तरीके सर्च किए और रात में जब कैलाश सो गया, तब घर में रखी पगड़ी को रस्सी की तरह इस्तेमाल कर उसका गला दबा दिया।
हत्या के बाद शक न हो, इसलिए वह पूरी रात शव के पास बैठी रही ताकि मौत को प्राकृतिक बताया जा सके। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया।


