1.60 लाख के बदले 22 लाख की वसूली का दबाव

Editor
By Editor 3 Min Read

पद्मनाभपुर पुलिस ने सूदखोर को किया गिरफ्तार, 11 चेक बुक व साहूकारी लाइसेंस जब्तभिलाई।
कर्ज के नाम पर अवैध वसूली और धमकी देने वाले एक सूदखोर को पद्मनाभपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 1.60 लाख रुपये के कर्ज के एवज में पीड़ित से 22 लाख रुपये की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इकरारनामा, 11 चेक बुक और साहूकारी लाइसेंस जब्त किया है।

भिलाई, कर्ज के नाम पर अवैध वसूली और धमकी देने वाले एक सूदखोर को पद्मनाभपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 1.60 लाख रुपये के कर्ज के एवज में पीड़ित से 22 लाख रुपये की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इकरारनामा, 11 चेक बुक और साहूकारी लाइसेंस जब्त किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में सूदखोरी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई।

स्वास्थ्य कारणों से लिया था कर्ज
पुलिस के अनुसार 27 जनवरी को पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण उसने हरीश पारख पिता स्व. मोहनलाल पारख (60), निवासी एचआईजी-1/79, न्यू बोरसी कॉलोनी, दुर्ग से 1,60,000 रुपये उधार लिए थे। आरोपी 10 प्रतिशत मासिक ब्याज वसूल करता था और समय पर भुगतान नहीं होने पर रकम दोगुनी करने की धमकी देता था।

3.20 लाख चुका चुका था पीड़ित
पीड़ित ने बताया कि वह अब तक आरोपी को मूलधन और ब्याज मिलाकर 3,20,000 रुपये लौटा चुका है। इसके बावजूद आरोपी ने अवैध तरीके से स्टेट बैंक शाखा के 11 चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए और इकरारनामा बनवाकर 22 लाख रुपये की मांग करने लगा। रकम नहीं देने पर आरोपी लगातार धमकी दे रहा था।

धमकी से परेशान होकर पहुंचा थाने
आरोपी की धमकियों और अवैध वसूली से परेशान होकर पीड़ित ने पद्मनाभपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(2), 308(2) बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ कर्जा अधिनियम की धारा 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

पूछताछ में कबूला जुर्म
विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में हरीश पारख ने 1.60 लाख रुपये उधार देने, 11 खाली चेक में हस्ताक्षर कराने और 22 लाख रुपये की मांग करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से इकरारनामा, 11 चेक बुक और साहूकारी लाइसेंस जब्त किया।

न्यायालय में पेश
पुलिस ने 29 जनवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article