भिलाई। भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन पर बने पावर हाउस फ्लाईओवर में हिट एंड रन (दुर्घटना कर भागने) की घटना मंगलवार की रात हुई। खुर्सीपार से दुर्ग की ओर जा रहे बाइक सवार बीआईटी छात्र को अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बीआईटी दुर्ग के छात्र शुभांक वैष्णव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
छावनी थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि घटना 28 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे की है। मृतक की पहचान शुभांक वैष्णव (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिलासपुर का निवासी था और बीआईटी दुर्ग में अध्ययनरत था। शुभांक अपने एक्टिवा वाहन से खुर्सीपार से दुर्ग की ओर जा रहा था। पावर हाउस फ्लाईओवर पहुंचते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दुपहिया वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र शुभांक वैष्णव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है और मामले को विवेचना में लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।


