विद्यार्थियों की रचनात्मकता और स्वादिष्ट व्यंजनों ने मोहा मन
चरोदा, बसंत पंचमी एवं महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के पावन अवसर पर संत कबीर पब्लिक स्कूल, जी केबिन चरोदा में आनंद मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति एवं देशभक्ति का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोमनाथ वर्मा (पूर्व सैनिक), सोहन लाल साहू (पूर्व सैनिक) एवं राजेश शर्मा (पूर्व सैनिक) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम कुमार साहू ने की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में हरिश साहू, छननु बंजारे, बिजेंदर सिंह एवं बीरेंद्र नागवंशी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं संत कबीर दास के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों का बैज लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
आनंद मेले में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई विभिन्न सामग्रियों एवं व्यंजनों का अतिथियों ने अवलोकन किया तथा उनका स्वाद भी लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सोहन लाल साहू ने बसंत पंचमी एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राम कुमार साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि “ज्ञान जहां से भी मिले, उसे ग्रहण करना चाहिए।”
कार्यक्रम का संचालन दयादास साहू द्वारा किया गया, वहीं आभार प्रदर्शन प्राचार्या मोनाली पाल ने किया।
आनंद मेले में बच्चों एवं पालकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। मेले में राजस्थानी लड्डू, गाजर का हलवा, जलेबी, केक, चना चरपटी, गुलाब जामुन, चाइना पकौड़ा, ब्रेड पकौड़ा, मुर्रा भेल सहित अनेक प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए गए, जिनका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं किरण यादव, दिव्या थापा, कविता पाटिल तथा सहायिका संतोषी नेताम सहित बड़ी संख्या में पालकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। पालकगण ईश्वरी यादव, सुजाता एवं गंगाधर सहित अन्य लोगों ने भी मेले का आनंद उठाया।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।






