सांसद विजय बघेल ने भिलाई में प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि, प्रभात फेरी का आयोजन
भिलाई। आजादी की लड़ाई के महानायक और क्रांतिकारी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती गुरुवार को पूरे देश में पराक्रम दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर इस्पात नगरी भिलाई में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
प्रियदर्शनी परिसर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थल पर सांसद विजय बघेल ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी ने नेताजी के योगदान को याद करते हुए उन्हें देश का जननायक बताया।

सांसद विजय बघेल ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस जैसे महान जननायकों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नेताजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक पवन कुमार ने कहा कि क्रांतिकारियों द्वारा देखे गए विकसित भारत के सपने को साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में बंग समाज के प्रमुख उज्ज्वल दत्ता भी उपस्थित रहे। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।

वहीं, भिलाई बंगाली समाज द्वारा नेताजी की जयंती के अवसर पर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


