तेज रफ्तार और लापरवाही बनी जानलेवा, भिलाई-3–पाटन मार्ग पर दर्दनाक हादसा

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई। शुक्रवार को भिलाई-3 से पाटन मार्ग पर पचपेड़ी गांव के आगे एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज गति, हेलमेट न पहनना और भारी वाहन की लापरवाही इस हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोरसी हनोदा निवासी देवराज यादव (27) अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक क्रमांक सीजी 07 सीव्ही 6915 से पचपेड़ी स्थित ससुराल से घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक काफी तेज रफ्तार में थी और दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। पचपेड़ी गांव से कुछ ही आगे बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। गिरते ही दोनों युवक उछलकर सड़क के बीचों-बीच जा गिरे।

इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही एक हाइवा ने सड़क पर गिरे दोनों युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने जब दोनों युवकों को लहूलुहान हालत में देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सीएसपी छावनी, पीएस पैकरा सहित पुरानी भिलाई थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्धाज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार हाइवा चालक की तलाश की जा रही है, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दोनों वाहनों की तेज गति, हेलमेट का उपयोग न करना और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी हादसे का कारण प्रतीत हो रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें और गति पर नियंत्रण रखें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Share This Article