पुरानी यादें, नए संकल्प के साथ गृह विज्ञान विभाग की भूतपूर्व छात्राओं की गरिमामयी बैठक

Editor
By Editor 2 Min Read

डॉ. खूबचंद बघेल महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अनुभव और प्रेरणा का संगम

भिलाई-3,  डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग द्वारा भूतपूर्व छात्राओं की बैठक का आयोजन गरिमामयी और उत्सवपूर्ण रूप से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और भूतपूर्व छात्रों का कुमकुम लगाकर आत्मीय स्वागत कर किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. कमल किशोर शर्मा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि भूतपूर्व छात्र किसी भी शैक्षणिक संस्था की जीवंत धरोहर होते हैं। उनके अनुभव और सामाजिक योगदान संस्था की मूल परंपराओं को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन वर्तमान छात्रों को प्रेरणा देने के साथ उनके आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को भी सुदृढ़ करते हैं।

महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य भारती सेठी ने कहा कि किसी भी संस्था की प्रतिष्ठा उसके पूर्व छात्रों से निर्मित होती है। उनका अनुभव और संघर्ष वर्तमान छात्रों के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने विभाग की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए भूतपूर्व छात्राओं से महाविद्यालय के विकास में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

गृह विज्ञान विभाग की प्राध्यापक अल्पना देशपांडे ने विभाग की उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गृह विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और बेहतर ढंग से जीने की कला है।

कार्यक्रम का मंच संचालन भूतपूर्व छात्रा हर्षा वर्मा ने किया। बैठक में अल्फाबेट मेकिंग, म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा एल्मुनी फोटोग्राफी और केक काटकर एल्मुनी मीत सेलिब्रेशन किया गया। “मिस होम साइंस” का खिताब हर्षा वर्मा और “मिस इवनिंग” का खिताब गंगा यदु को प्रदान किया गया।

समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत स्मरणीय बताया और गृह विज्ञान विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने भूतपूर्व छात्राओं और वर्तमान छात्रों के बीच अनुभव, प्रेरणा और जुड़ाव का एक मजबूत सेतु स्थापित किया।

Share This Article