रेलवे डिविजन कार्यालय ने काबिज लोगों को जारी किया नोटिस
प्रभावितों ने पार्षद के साथ सांसद विजय बघेल से लगाई गुहार
भिलाई / रेलवे क्षेत्र चरोदा के जोन – 3 राजीव नगर सहित कॉलोनी के अन्य सभी झुग्गी बस्तियों पर फिर एक बार बेदखली का साया मंडरा रहा है। आशियाना बनाकर काबिज लोगों को रेलवे डिविजन कार्यालय से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस नोटिस के मिलने के बाद से रेलवे की जमीन पर बरसों से काबिज लोगों के दिन का चैन और रातों की नींद हराम हो गई है। प्रभावितों ने स्थानीय पार्षद और भाजपा नेताओं के साथ सांसद विजय बघेल से मिलकर आशियाना बचाने की गुहार लगाई है।
रेलवे प्रशासन की ओर से बीएमवाय चरोदा में अपनी भूमि पर से अवैध कब्जा खाली कराने को लेकर एक बार फिर कवायद शुरू की गई है। रायपुर डिविजन कार्यालय में पदस्थ अपर रेल प्रबंधक एवं राज संपदा अधिकारी को ओर से चरोदा रेलवे क्षेत्र में झुग्गी और अर्ध पक्का मकान बनाकर बरसों से काबिज लोगों को नोटिस जारी किया गया। नोटिस मिलने के बाद जोन – 3 राजीव नगर के लगभग 180 काबिज परिवार सहित रेलवे इंस्टीट्यूट के पास की उड़िया बस्ती और पुराने शिवम टाकीज से लगे प्रगति नगर और इंदिरा नगर के रहवासियों ने एडीआरएम के सामने अपना पक्ष रख दिया है। इस दौरान प्रभावित हो रहे लोगों ने अपनी आवासीय सुविधा की मजबूरी सहित अन्य पहलुओं पर अपना पक्ष रखा। लेकिन रेलवे प्रशासन की ओर से एडीआरएम ने अपनी भूमि को अवैध कब्जा से मुक्त कराने की मंशा से अवगत करा दिया है।
अपना बरसों पुराना आशियाना उजड़ने की आशंका से भयभीत लोगों ने दुर्ग सांसद विजय बघेल से उनके सेक्टर 5 भिलाई निवास में मुलाकात की। प्रभावित परिवारों के साथ इस दौरान स्थानीय पार्षद चंद्र प्रकाश पाण्डेय और चरोदा मंडल भाजपा अध्यक्ष ए गौरी शंकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। प्रभावित परिवारों की समस्या को सुनकर सांसद बघेल ने डीआरएम रायपुर से दूरभाष पर चर्चा की। सांसद ने उन्हें बताया कि लगभग 25 साल पहले वे जब नगर पालिका अध्यक्ष थे तब राजीव नगर में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल से बिजली की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने नगर निगम के माध्यम से प्रभावित परिवारों को व्यवस्थापन के तहत आवासीय सुविधा उपलब्ध कराए जाने तक बेदखली की कार्यवाही नहीं करने डीआरएम से कहा गया है।

व्यवस्थापन न किया जाना समझ से परे – पाण्डेय
नगर निगम भिलाई – चरोदा के उप नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ पार्षद चंद्र प्रकाश पाण्डेय ने कहा है कि राजीव नगर सहित रेलवे की अन्य जमीन पर काबिज लोगों का व्यवस्थापन न हो पाना समझ से परे है। निगम द्वारा प्रधानमंत्री आवास कालोनियां विकसित की गई है। बिना आबंटन के कईं मकान खाली रहने से असामाजिक तत्व नुकसान पहुंचा रहे हैं। योजना विशेष के इन मकानों में रेलवे भूमि पर काबिज लोगों को व्यवस्थापित करने नगर निगम प्रशासन को गंभीरता दिखानी होगी। उन्होंने बताया कि इस विषय पर सांसद विजय बघेल को भी अवगत कराया गया है।


