भिलाई, भिलाई-3 क्षेत्र में गुरूवार की रात दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। एक के बाद एक हुई दुर्घटनाओं के कारण फोरलेन और मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पहली घटना डबरापारा के पास फोरलेन पर रायपुर से दुर्ग जाने वाली दिशा में रेलवे कॉलोनी के अंतिम छोर के पास शाम करीब सात बजे हुई। यहां सरिया से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। सड़क पर सरिया बिखर जाने से फोरलेन पर लंबा जाम लग गया और वाहन चालकों को काफी देर तक फंसे रहना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर तथा सरिया हटवाकर यातायात बहाल कराया।
वहीं दूसरी घटना भिलाई-3 स्थित जनता स्कूल के सामने रात करीब आठ बजे हुई। रायपुर की ओर जा रही बोलेरो पिकअप वाहन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पिकअप सड़क पर पलट गई और सड़क के बीचों-बीच आकर रुक गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-05-एजे-1694 में एयरटेल टावर का जनरेटर लोड था, जिसे रायपुर ले जाया जा रहा था। वाहन को सुशील गुप्ता चला रहे थे। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, हालांकि स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए कंटेनर का नंबर नोट कर लिया।


घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद नागरिकों ने स्वयं आगे बढ़कर यातायात को नियंत्रित करने और रास्ता खाली कराने में मदद की। दोनों घटनाओं के कारण शाम से रात तक भिलाई-3 क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रही। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। नागरिकों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके।


