भिलाई। पूर्व विधायक प्रतिनिधि, नगर निगम भिलाई-3 के पूर्व एल्डरमैन एवं पूर्व सरपंच रह चुके राधा कृष्ण मंदिर, भिलाई-3 निवासी सुशील शर्मा को दूसरी बार भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।
शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी जनप्रतिनिधि के रूप में दायित्व निभा चुके सुशील शर्मा ने कहा कि प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष आलोक ठाकुर के नेतृत्व में वे किसानों के हितों की रक्षा करते हुए उन्हें अधिक से अधिक लाभ दिलाने के उद्देश्य से सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। इस अवसर पर सुशील शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री सहित किसान मोर्चा के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व का वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में हर्ष का माहौल है।


