स्टेशन चौक हुआ अवरुद्ध, रायपुर से दुर्ग तक लगी वाहनों की लंबी कतार, अहिवारा–धमधा रोड पर भी घंटों ठप रहा आवागमन
भिलाई, कुम्हारी में खारुन टोल प्लाजा के पास शुक्रवार तड़के एक ट्रक के पलट जाने से दुर्ग–रायपुर हाइवे करीब 6 घंटे तक जाम रहा। हादसा सुबह करीब साढ़े तीन बजे दुर्ग से रायपुर जाने वाली लेन पर हुआ, लेकिन इसके असर से स्टेशन चौक पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और दोनों दिशाओं में लंबा जाम लग गया।
देखते ही देखते रायपुर की ओर टाटीबंध तक और दुर्ग की दिशा में चरोदा तक वाहनों की कतार लग गई। जाम का असर अहिवारा–धमधा रोड पर भी पड़ा, जहां घंटों तक आवागमन बाधित रहा। स्टेशन चौक पर स्थिति इतनी बिगड़ी कि नीचे की सड़क के साथ-साथ फ्लाईओवर पर भी वाहन फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेपर रोल से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे टोल प्लाजा से कुम्हारी नगर की ओर जाने वाली सड़क पूरी तरह बंद हो गई। वाहनों की कतार जब स्टेशन चौक तक पहुंची तो अहिवारा–धमधा रोड भी जाम हो गया। इससे रायपुर से अहिवारा और धमधा की ओर मुड़ने वाली गाड़ियां रुक गईं और दुर्ग जाने वाले मार्ग पर भी यातायात ठप हो गया।
सुबह दफ्तर जाने वाले नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं नगर पालिका कार्यालय के पास एक मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिसे काफी देर तक रास्ता नहीं मिल पाया।
करीब साढ़े नौ बजे कुम्हारी थाना और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने पलटे ट्रक को सड़क से हटाया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका और लोगों ने राहत की सांस ली।


