भिलाई, भाजपा जिला भिलाई द्वारा प्रायोजित आत्मनिर्भर भारत संगोष्ठी का आयोजन नगर निगम भिलाई-चरोदा के सभागार में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पुष्पमालाओं से स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात नगर निगम आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने स्वागत भाषण देते हुए संगोष्ठी के उद्देश्य पर प्रकाश डाला और आत्मनिर्भर भारत अभियान को समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम प्रभारी एवं पूर्व महापौर चंद्रकांता मांडले ने अपने उद्बोधन में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, युवाओं के कौशल विकास, देसी एवं लघु उद्योगों को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छ, पारदर्शी और त्वरित प्रशासन के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकती हैं, जिससे आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को जमीनी स्तर पर साकार किया जा सके।

भाजपा जिला भिलाई के अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने भारत को स्वतंत्रता पूर्व “सोने की चिड़िया” के रूप में स्मरण करते हुए कहा कि देश पहले से ही सक्षम, सशक्त और आत्मनिर्भर था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारों की नीतियों के कारण भारत को कई आवश्यक वस्तुओं के लिए अन्य देशों पर निर्भर होना पड़ा। देवांगन ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और आने वाले समय में भारत चहुंमुखी विकास करते हुए आत्मनिर्भर राष्ट्र बनेगा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भारत को ऋषि-मुनियों का देश बताते हुए कहा कि यहां प्राकृतिक और भौतिक संसाधनों की कभी कमी नहीं रही। आवश्यकता केवल स्वदेशी सोच के साथ इन संसाधनों के उपयोग की है। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में निर्मित वैक्सीन ने न केवल देशवासियों की जान बचाई, बल्कि 22 देशों को वैक्सीन की आपूर्ति कर आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत का मील का पत्थर बताया।
बघेल ने भारतीय उत्पादों के उपयोग, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने, आने वाली पीढ़ी को मातृभाषा के प्रयोग के लिए प्रेरित करने, स्वदेशी पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देने और पर्यावरण अनुकूल वस्तुओं को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को आत्मनिर्भर भारत से जुड़े संकल्प पत्र का वाचन कराकर संकल्प भी दिलाया।

कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष बृजेश भोजपुरिया, महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शशिकांत बघेल, सीता साहू, नेता प्रतिपक्ष रामखेलावन वर्मा सहित निगम क्षेत्र के पार्षद, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, सांसद प्रतिनिधि, निगम के अधिकारी-कर्मचारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री श्याम सुंदर जायसवाल और पूर्णिमा ठाकुर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रामखेलावन वर्मा ने किया।


