फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
बिलासपुर। जिले के मोपका स्थित 132/33 केवी विद्युत सब स्टेशन में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे शहर में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में सब स्टेशन परिसर धुएं और ऊंची लपटों से घिर गया। इस घटना का सीधा असर शहर की बिजली आपूर्ति पर पड़ा और बिलासपुर के आधे से अधिक इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय सब स्टेशन से तेज आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद आग भड़क उठी। आग सबसे पहले ट्रांसफार्मर और उससे जुड़े विद्युत उपकरणों तक पहुंची, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी और प्रशासनिक अमला भी तत्काल सब स्टेशन पहुंचे। आग बुझाने के लिए लगातार पानी और फोम का उपयोग किया गया। सब स्टेशन से जुड़े कई फीडर बंद होने के कारण शहर के आवासीय, व्यावसायिक क्षेत्रों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और बाजारों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अस्पतालों व आवश्यक सेवाओं को जनरेटर के सहारे संचालित किया गया, लेकिन आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। ट्रांसफार्मर, कंट्रोल पैनल, केबल सहित कई महंगे उपकरण क्षतिग्रस्त हुए हैं। ्






