वर्दी में सेवा का जज़्बा, इंद्रजीत की पहल से जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई। कड़ाके की ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से दुर्ग-भिलाई यातायात पुलिस के प्रधान आरक्षक इंद्रजीत कुमार ने मानवीय पहल करते हुए बीएसपी टाउनशिप क्षेत्र में जरूरतमंद महिलाओं एवं पुरुषों को कंबल वितरित किए। बढ़ती ठंड को देखते हुए उन्होंने सड़क किनारे, खुले स्थानों पर रहने वाले तथा ठंड से परेशान लोगों को खोज-खोजकर कंबल बांटे।

बीएसपी टाउनशिप के विभिन्न हिस्सों में जब जरूरतमंदों को कंबल मिले तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। ठंड से राहत मिलने पर सभी ने प्रधान आरक्षक इंद्रजीत कुमार की इस सराहनीय पहल की खुले दिल से प्रशंसा की और उन्हें साधुवाद दिया। लोगों ने कहा कि ऐसे समय में जब ठंड जानलेवा साबित हो सकती है, तब इस तरह की मदद उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

उल्लेखनीय है कि प्रधान आरक्षक इंद्रजीत कुमार इससे पहले भी कई सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। वे जरूरतमंदों को भोजन कराने, गरीबों की सहायता करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में लगातार सक्रिय रहते हैं। उनकी इस मानवीय सोच और सेवा भावना से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिसकर्मी का यह रूप न केवल कानून व्यवस्था का पालन कराने वाला है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने वाला भी है। इंद्रजीत कुमार की यह पहल अन्य लोगों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित करेगी।

Share This Article