गुरुजी की ‘देसी पाठशाला’: नशे में पहुंचे पढ़ाने, पकड़े गए तो कान पकड़कर लगाई उठक-बैठक

Editor
By Editor 3 Min Read

रायपुर, मैनपाट विकासखंड के ग्राम वंदना स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में शुक्रवार को शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया। स्कूल में पदस्थ शिक्षक राज प्रताप सिंह शराब के नशे में बच्चों को पढ़ाने पहुंचे। नशे की हालत में शिक्षक बच्चों की जिम्मेदारी निभाते नजर आए, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को स्कूल की प्रधान पाठिका अवकाश पर थीं, जबकि एक अन्य शिक्षक भी स्कूल नहीं पहुंचा था। ऐसे में पहली से पांचवीं तक के लगभग 60 से अधिक बच्चों की पूरी जिम्मेदारी अकेले राज प्रताप सिंह पर थी। इसी दौरान ग्रामीणों को शिक्षक के नशे में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने मीडियाकर्मियों को सूचना दी।

मीडियाकर्मियों के स्कूल पहुंचने पर शिक्षक नशे की हालत में पाया गया। बातचीत के दौरान वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। पूछताछ में शिक्षक ने स्वयं स्वीकार किया कि उसने शराब का सेवन किया है। उसने यह भी बताया कि उसने 20 रुपये में आधा गिलास देसी शराब पी थी। पकड़े जाने के बाद शिक्षक ने मौके पर ही अपनी गलती स्वीकार करते हुए कान पकड़कर उठक-बैठक लगाई, मानो बच्चों के सामने ही अनुशासन का पाठ पढ़ा रहा हो।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में बच्चों के सामने इस तरह की घटना बेहद निंदनीय है और इससे गलत संदेश जाता है। शिक्षा के मंदिर में इस तरह का व्यवहार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

वीडियो

मामले को लेकर मैनपाट विकासखंड शिक्षा अधिकारी योगेश शाही ने कहा कि नशे की हालत में स्कूल आने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे शिक्षक विभाग में रहेंगे तो समाज और शिक्षा व्यवस्था पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। संबंधित शिक्षक के खिलाफ पहले भी शराब सेवन की शिकायत मिल चुकी थी, जिस पर नोटिस जारी किया गया था और सुधार को लेकर संकुल स्तर से रिपोर्ट मंगाई गई थी। इसके बावजूद दोबारा ऐसी घटना सामने आना गंभीर मामला है।

Share This Article