कुम्हारी में घर से सोने के जेवरात व मोबाइल पार, मामला दर्ज

Editor
By Editor 3 Min Read

भिलाई। कुम्हारी थाना क्षेत्र के शंकरनगर में घर से सोने के जेवरात और मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार 4 जनवरी को प्रार्थी भरत बजाज (उम्र 27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 10 शंकरनगर कुम्हारी, ने थाना उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में भरत बजाज ने बताया कि उसकी बहन हर्षा की शादी के लिए गहने बनवाने हेतु वह 2 जनवरी 2026 को अपने बड़े पापा के घर कैलाशनगर कुम्हारी से अपने हिस्से का लगभग 11.9 तोला सोना और 6 अंगूठियां लेकर अपने घर शंकरनगर लाया था। इसमें से 1.9 तोला सोना और एक अंगूठी गहना बनवाने के लिए वह नवकार ज्वेलर्स, रायपुर गया था। शेष सोना उसने घर में अलमारी में रखने के लिए अपनी मां को दिया था।

रायपुर से खरीदारी कर वह रात करीब 10 बजे घर लौटा। इसके बाद रायपुर से खरीदा गया सोना उसका छोटा भाई विनय बजाज रात करीब 11 बजे घर लाया, जिसे बहन हर्षा को अलमारी में रखने के लिए दिया गया। लेकिन देर रात तक फोन पर बात करने के कारण वह गहने अलमारी में नहीं रख पाई और बाहर रखकर सो गई।
अगले दिन 3 जनवरी 2026 की सुबह भरत बजाज ने अलमारी खुली देखी। उसने बाहर रखे गहनों को अंदर रखने और ताला लगाने के लिए अपनी मां से कहा। इसी दौरान उसका एप्पल मोबाइल फोन, जिसमें एयरटेल का सिम लगा था, नहीं मिला। पूरे दिन खोजबीन के बाद भी मोबाइल नहीं मिला।

4 जनवरी की सुबह जब उसने दोबारा अलमारी खोली तो पाया कि बड़े पापा के घर से लाया गया शेष सोना—50-50 ग्राम के दो बिस्किट, 5 अंगूठियां, 2 कान के झुमके और 1 हाथ वाला मंगलसूत्र—अलमारी से गायब थे। जांच करने पर अलमारी में रखा बैग खाली मिला। प्रार्थी के अनुसार चोरी हुए सोने की अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक है।
पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(च) एवं 331(4) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

Share This Article