उत्साह और देशभक्ति के साथ निर्मल ज्ञान मंदिर कबीर आश्रम, में मनाया गया 78वां स्वतंत्रता दिवस

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई, देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत वातावरण में निर्मल ज्ञान मंदिर कबीर आश्रम, नेहरू नगर भिलाई में 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सुबह समिति के पदाधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से पूरे परिसर में देशप्रेम की भावना गूंज उठी।

ध्वजारोहण के पश्चात संत कबीर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके साथ ही उपस्थित जनों ने भारत माता के वीर सपूतों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी वीरता और बलिदान को स्मरण किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने राष्ट्र की सेवा को सर्वोपरि बताते हुए ईमानदारी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

सभा को संबोधित करते हुए ट्रस्टी प्रमुख डॉ. हीरालाल साहू, उपाध्यक्ष शिव कुमार साव, कोषाध्यक्ष के पी साहू एवं सलाहकार वाई. एन. पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आजादी का यह पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में देशभक्ति से ओतप्रोत कविताओं एवं भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी गई। प्रतिभागियों ने अपने गीतों व रचनाओं के माध्यम से देश के वीर सपूतों को नमन किया और सभी को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर ट्रस्टी सचिव प्रेमा दास, सदस्य रमेश जंघेल, कार्यकारिणी सदस्य विजय दादर, डीलिया साहू, पूर्व महिला अध्यक्ष उर्मिला साहू, वर्तमान महिला अध्यक्ष प्रेमलता साहू, उपाध्यक्ष शीला साहू, सांस्कृतिक सचिव तिलक वर्मा, पूर्व कोषाध्यक्ष गौकरण साहू, मीडिया प्रभारी डॉ. दीनदयाल साहू सहित संत राम साहू, राम कुमार साहू, राजकुमारी साहू, श्रीमती प्रगति साहू, डालेश्वरी साहू, विनोद कुमार साहू, अशोक कुमार साहू, युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एक स्वर में राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकता के संदेश के साथ ‘जय हिंद’ का नारा लगाया।

Share This Article